दरभंगा, 20 दिसम्बर 2025।
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन में अहम भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। समाहरणालय स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में निर्वाचन प्रक्रिया में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी ने कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाचन जैसी महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में योगदान देने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों का उत्साहवर्धन करना रहा।
सम्मानित कर्मियों ने निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में अपने दायित्वों का निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया। इस दौरान कर्मियों ने अपने खट्टे-मीठे अनुभव भी साझा किए और टीमवर्क के महत्व को रेखांकित किया।
जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 का सफल संचालन सभी कर्मियों के समर्पण, अनुशासन और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने सभी कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्वाचन अवधि के दौरान किसी भी कर्मी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी ने कहा कि निर्वाचन जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। उन्होंने सभी कर्मियों को धन्यवाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, अपर समाहर्ता विभागीय जांच राकेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, वरीय उपसमाहर्ता पवन कुमार, उप निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।







