

कालांवाली के गांव खोखर में दोहरा हत्याकांड: जमीन विवाद में पूर्व सरपंच और भतीजे की मौत
रिपोर्टर इन्द्र जीत 
स्थान कालावाली (जिला सिरसा )
कालांवाली (सिरसा)। क्षेत्र के गांव खोखर में शनिवार को जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पारिवारिक रंजिश के चलते पूर्व सरपंच झरमल सिंह और उनके भतीजे दलजीत सिंह की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में भारी तनाव का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद शनिवार को हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि परिवार के ही छह लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, हमला अचानक और योजनाबद्ध तरीके से किया गया, जिससे दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
प्रत्याशी निक्का सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान बिकर सिंह, धर्म सिंह, मोती सिंह, जसवंत सिंह तथा जसवंत सिंह और मोती सिंह की पत्नियों के रूप में हुई है। पुलिस ने दो महिलाओं सहित कुल छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही कालांवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार और सीआईए इंचार्ज राजपाल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
मौके पर सफेद कुर्ता-पायजामा में सरपंच गुरप्रीत सिंह सहित कई गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को ही हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
इस दोहरे हत्याकांड ने एक बार फिर पारिवारिक जमीन विवादों की गंभीरता को उजागर कर दिया है, जहां आपसी मनमुटाव ने दो जिंदगियां छीन लीं। गांव खोखर में फिलहाल मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।







