A2Z सभी खबर सभी जिले की

गाजीपुर में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक सम्पन्न

डीएम अनुपम शुक्ला ने दिए सख्त निर्देश, असंचालित शौचालय तत्काल चालू कराने पर जोर

FB IMG 1778416670247

वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज गाजीपुर

अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं आलोक प्रसाद की उपस्थिति में 09 मई 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विकास खंडों में संचालित स्वच्छता परियोजनाओं एवं बुनियादी ढांचा निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट (PWMU) की प्रगति पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत निर्माणाधीन इकाइयों की समीक्षा की। सदर क्षेत्र के रसूलपुर टी शेखपुर में निर्माण कार्य पूर्ण पाया गया, जबकि रेवतीपुर, मुहम्मदाबाद और सादात में कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सामुदायिक शौचालयों की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में 1238 शौचालयों के लक्ष्य के सापेक्ष 1229 शौचालयों का निर्माण पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने शेष 30 असंचालित शौचालयों को तत्काल चालू कराने के निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता को मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
पंचायत भवन निर्माण की समीक्षा में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लक्ष्यों पर चर्चा हुई। मनिहारी और जमानियां में पंचायत भवन पूर्ण पाए गए, जबकि अहितोली और ईशानपुर में निर्माण कार्य की गति तेज करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिए गए।
गोवर्धन योजना के अंतर्गत बाराचवर ब्लॉक के करीमुद्दीनपुर में स्थापित बायोगैस प्लांट के हस्तांतरण में हो रही देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने जल निगम ग्रामीण को एक सप्ताह के भीतर हैंडओवर प्रक्रिया पूर्ण कर संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायतों की स्वयं की आय (OSR) बढ़ाने को लेकर भी बैठक में समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 1182 ग्राम पंचायतों की स्थिति का मूल्यांकन किया जा चुका है, जिसमें करंडा और जखनियां ब्लॉक का प्रदर्शन संतोषजनक पाया गया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) एवं संबंधित सचिवों को चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं मुख्य विकास अधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा सरकारी पोर्टल पर समय से डेटा फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), जिला समन्वयक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
FB IMG 1778413700415

Show More

Jitendra Maurya

Vande Bharat Live TV News District Head Ghazipur Uttar Pradesh India
Back to top button
error: Content is protected !!