
सुरेन्द्र दुबे डिस्टिक हेड
सीधी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीधी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑपरेशन “प्रहार 2.0” के अंतर्गत कोतवाली एवं जमोड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने स्कूल परिसर में चल रहे अवैध नशे के कारोबार का खुलासा करते हुए 208 शीशी नशीली कफ सिरप और एक आल्टो कार जप्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत चौहान के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन में यह कार्यवाही की गई। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं डीएसपी मुख्यालय अमन मिश्रा द्वारा किया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गजराज स्कूल परिसर के आसपास कुछ युवक अवैध नशीली कफ सिरप की बिक्री कर रहे हैं तथा स्कूल परिसर के कमरों में बड़ी मात्रा में नशे का सामान छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्कूल परिसर में दबिश दी, जहां से अमन सिंह चौहान (25) निवासी अमरवाह थाना जमोड़ी को पकड़ा गया। आरोपी स्वयं को स्कूल का डायरेक्टर बता रहा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी स्कूल भवन और कमरों का इस्तेमाल नशे के कारोबार के लिए स्टोर रूम एवं अड्डे के रूप में कर रहा था। वह अपने साथियों के साथ आल्टो कार क्रमांक MP18CA2926 से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप ले जाकर बिक्री करता था।
पुलिस द्वारा वाहन एवं स्कूल परिसर की तलाशी लेने पर कुल 208 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 52 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने कफ सिरप एवं वाहन जप्त कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अन्य साथियों आशू केवट, प्रिंस मिश्रा, अम्बिकेश सिंह गोंड, नवीन नामदेव एवं अमन सोधिया के नाम भी बताए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
मामले में थाना कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 म.प्र. ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। वहीं स्कूल जैसी संस्था की आड़ में अवैध कारोबार संचालित किए जाने के कारण संबंधित स्कूल की मान्यता समाप्त करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि स्कूल और शैक्षणिक संस्थान बच्चों के भविष्य निर्माण के केंद्र होते हैं तथा ऐसी जगहों पर नशे का कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।








