

हरिद्वार। मेलाधिकारी सोनिका ने एनएचएआई अधिकारियों संग बैठक में आगामी कांवड़ व अर्धकुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग के अधूरे पड़ी परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए उन्हें तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
एचआरडीए सभागार में आयोजित बैठक में मेलाधिकारी ने हरिद्वार बाईपास-रिंग रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के हरिद्वार स्पर, हरिद्वार-नगीना मार्ग तथा हरिद्वार क्षेत्र के प्रमुख चौराहों के सुधार से संबंधित परियोजनाओं सहित कुंभ क्षेत्र में एनएचएआई द्वारा संचालित अन्य कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के निर्माण कार्यों के कारण हरिद्वार को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों पर यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है तथा सुचारु ट्रैफिक संचालन में व्यवधान आ रहा है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने एनएचएआई के परियोजना निदेशकों को व्यक्तिगत रूप से निगरानी करते हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आगामी कांवड़ यात्रा एवं कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए जगजीतपुर और बहादराबाद क्षेत्र में चल रहे एनएच परियोजना कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने पर बल दिया। कहा कि कार्यों में अब किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही न हो।




