
हाथरस सिकंदराराऊ के कासगंज रोड स्थित ग्राम नावली के सिविलियन विद्यालय में गंभीर अव्यवस्थाओं का आरोप लगा है। ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर में गंदगी, शिक्षण कक्षों की कमी और अन्य सुविधाओं के अभाव पर सवाल उठाए हैं। बच्चों का दावा है कि कक्षा एक से नौ तक के छात्रों को एक ही छोटे कमरे में पढ़ाया जा रहा है, जहाँ कार्यालय संबंधी कार्य भी होते हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, हाईवे निर्माण के दौरान विद्यालय की बाउंड्रीवाल तोड़ दी गई थी, जिसका पुनर्निर्माण कई महीनों से नहीं हुआ है। हाईवे की ऊँचाई बढ़ने के कारण विद्यालय परिसर सड़क से नीचे हो गया है। बारिश में सड़क का पानी और गंदगी परिसर में जमा हो जाती है। बाउंड्रीवाल न होने से आवारा पशु भी स्कूल में घुसकर गंदगी फैलाते हैंजलभराव के कारण विद्यालय की दीवारें और छत भी जर्जर हो रही हैं। भीषण गर्मी में एक ही कमरे में बड़ी संख्या में बच्चों के बैठने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।विद्यालय की प्रभारी प्रधान अध्यापिका तूलिका माहेश्वरी ने बताया कि हाईवे अथॉरिटी ने फिलहाल एक वैकल्पिक कक्षा उपलब्ध कराई है, जिसका उपयोग शिक्षण और कार्यालय संबंधी कार्यों के लिए किया जा रहा है। विद्यालय भवन के पुनर्निर्माण के लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा और परिसर को व्यवस्थित किया जाएगा। भवन निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।

इस बीच, विद्यालय की अव्यवस्थाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर सफाई और निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने विद्यालय में स्थायी साफ-सफाई, सुरक्षा और पर्याप्त शिक्षण कक्षों की व्यवस्था सनिश्रित करने की मांग की है।









