
सीकर. कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर सीकर के शहीद स्मारक पर वीरांगनाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सीकर कलेक्टर कमर उल जमान चौधरी, एसपी भुवन भूषण यादव, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल विजेंद्र सिंह महला सहित कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्मारक प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कर्नल विजेंद्र सिंह महला ने कहा- आज कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ है। आज का दिन सीकर शहर ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का दिन है। कारगिल युद्ध में सीकर के 7 जवान शहीद हुए थे। शहीदों को याद कर नमन किया गया। शहीदों की वीरांगनाओं का सम्मान कर उन्हें पौधे वितरित किए गए।
जिला कलेक्टर ने कहा- कारगिल युद्ध में सीकर के शहीद जवानों पर हमें गर्व है। शहीदों ने अपना घर-परिवार छोड़कर राष्ट्र को समर्पित यज्ञ में अपना बलिदान और आहुति दी है। युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि बिना पसीना बहाए कुछ भी संभव नहीं होता है। जीवन में बिना अनुशासन और संघर्ष के कुछ नहीं मिलता। कारगिल युद्ध युवाओं के लिए एक बड़ा संदेश है। युवाओं को देश सेवा के लिए आगे आना चाहिए और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।