

सहारनपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई: जिला बदर हिस्ट्रीशीटर सन्नी उर्फ चिड़ा के घर नोटिस चस्पा
सहारनपुर। शहर में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रोहित सिंह सजवान और एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सहारनपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई जारी रखी है। इसी क्रम में जिला बदर किए गए अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को तेज कर दिया गया है।
कोतवाली नगर प्रभारी धर्मेन्द्र सोनकर के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम ने आज हिस्ट्रीशीटर सन्नी उर्फ चिड़ा के घर पर नोटिस चस्पा किया और मुनादी की। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रविन्द्र धामा, चौकी प्रभारी जोगेन्द्र सिंह, महिला उपनिरीक्षक नेहा उपाध्याय, कांस्टेबल संजव और तरूण शर्मा शामिल थे। इस कार्रवाई के तहत न्यू गोपाल नगर स्थित सन्नी उर्फ चिड़ा के घर पर यूपी गुंडा एक्ट-3 के अंतर्गत छह माह के लिए उसे जिला बदर किए जाने का नोटिस लगाया गया।
पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के माध्यम से मुनादी करते हुए स्थानीय निवासियों को चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति इस जिला बदर अपराधी को शरण देगा, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। सन्नी उर्फ चिड़ा के खिलाफ कोतवाली नगर, थाना सदर बाजार, थाना कुतुबशेर और देहात कोतवाली में डकैती, लूट, शराब तस्करी, आर्म्स एक्ट, मर्डर, और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं, और वह कोतवाली नगर का हिस्ट्रीशीटर भी है।
इस सख्त कार्रवाई से सहारनपुर में अपराधियों में भय का माहौल है, जबकि स्थानीय जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना बढ़ी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर में अपराध पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
रिपोर्ट – एलिक सिंह, एडिटर, वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़
संपर्क: 8217554083




