

कटनी
वर्तमान में जिले की सड़कें हुई बदहाल अब ये कहना बिल्कुल अनुचित नहीं होगा कि सड़कों में गड्ढे हैं उचित तो ये होगा कि गड्ढोमे सड़कें हैं आम नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए डिफेंस कर छोटे वाहनों के लिए भी जानलेवा साबित हो रही हैं। आमदरा थाना क्षेत्र के पकरिया गांव से मजदूरी के लिए भोपाल जा रहा एक मजदूर परिवार कटनी बस स्टैंड तक भी नहीं पहुंच सका। कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत चाका बायपास के पास बारिश के कारण पानी से भरे गड्ढों से बचने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घायल महिला सपना भूमिया ने बताया कि ऑटो चालक सड़क पर बने गहरे गड्ढों से वाहन को बचाने का लगातार प्रयास कर रहा था, लेकिन बारिश के कारण गड्ढे पूरी तरह पानी में डूबे होने से उनकी गहराई का अनुमान नहीं लग सका। इसी दौरान ऑटो असंतुलित होकर पलट गया।
इस हादसे में 2 वर्षीय राधिका भूमिया के सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं सपना भूमिया (29 वर्ष) एवं सुनील भूमिया (30 वर्ष) निवासी पकरिया भी घायल हुए हैं। सुनील भूमिया के चेहरे पर गंभीर चोट आई है, जबकि सपना भूमिया को भी चोटें पहुंची हैं। घायलों के अनुसार ऑटो में आधा दर्जन से अधिक लोग, जिनमें छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल थे, भोपाल मजदूरी के लिए यात्रा कर रहे थे
यह हादसा एक बार फिर कटनी शहर की जर्जर सड़कों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है। जिला प्रशासन समय-समय पर “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” अभियान चलाकर वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील करता है। रेड लाइट जंप करना, सीट बेल्ट न लगाना, बिना हेलमेट वाहन चलाना, बाइक पर तीन सवारी बैठाना, ऑटो चालक का बिना निर्धारित वर्दी वाहन चलाना, लाइसेंस, बीमा अथवा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने जैसे मामलों में चालान की कार्रवाई भी की जाती है।
इसी संदर्भ में शहर के अनेक नागरिक यह सवाल उठा रहे हैं कि यदि वाहन चालकों की छोटी-छोटी गलतियों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से तत्काल चालान किया जा सकता है, तो क्या शहर की सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढे, जो लगातार सड़क हादसों का कारण बन रहे हैं, प्रशासन की नजर में नहीं आते? नागरिकों का कहना है कि मुख्य चौराहों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का उल्लंघन पकड़ना ही नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी गंभीर समस्याओं की पहचान और समाधान भी होना चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में सड़कें जलमग्न हो जाती हैं और गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि सड़कों की समय पर मरम्मत और गड्ढों का स्थायी समाधान नहीं किया जाएगा, तो आखिर इन हादसों की जिम्मेदारी कौन लेगा? सड़क सुरक्षा केवल वाहन चालकों के नियम पालन तक सीमित नहीं हो सकती, बल्कि सुरक्षित और गड्ढामुक्त सड़क उपलब्ध कराना ही प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बनती है
कटनी ब्यूरो चीफ सुरेन्द्र कुमार शर्मा
नित नई खबर एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें







