A2Z सभी खबर सभी जिले की

कांच एवं चूड़ी श्रमिक एक्ट की मांग – फिरोजाबाद के श्रमिकों का भविष्य दांव पर

कांच एवं चूड़ी श्रमिक एक्ट की मांग – फिरोजाबाद के श्रमिकों का भविष्य दांव पर

फिरोजाबाद। सदियों से कांच एवं चूड़ी उद्योग का केंद्र रहे फिरोजाबाद में अब कांच श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा और उद्योग की स्थिरता को लेकर एक अहम मांग उठ रही है। स्थानीय श्रमिकों और उद्योगपतियों ने “कांच एवं चूड़ी श्रमिक एक्ट” बनाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया है, जिससे इस उद्योग से जुड़े लाखों लोगों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके। ज्ञात हो कि फिरोजाबाद विश्व का एकमात्र ऐसा जिला है, जहां कांच की चूड़ियों का निर्माण बड़े पैमाने पर होता है। इस उद्योग से लगभग 7 लाख से अधिक श्रमिक एवं कारोबारी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद, आज तक कांच श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए कोई विशेष कानून नहीं बनाया गया है।औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस कारोबार से सरकार को भी भारी राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन कांच श्रमिकों के लिए कोई ठोस नीति नहीं होने के कारण आए दिन श्रमिकों और उद्योगपतियों के बीच विवाद की स्थिति बनी रहती है। कई बार हालात इतने गंभीर हो जाते हैं कि हड़ताल और आंदोलन के कारण न केवल उद्योग, बल्कि राज्य और केंद्र सरकार को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।बीड़ी उद्योग, चीनी मिलों सहित कई उद्योगों के लिए सरकार ने विशेष श्रम कानून बनाए हैं, जिससे उन उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों को सुरक्षा और अधिकार प्राप्त होते हैं। इसी तर्ज पर “कांच एवं चूड़ी श्रमिक एक्ट” की मांग की जा रही है, जिससे फिरोजाबाद के इस ऐतिहासिक उद्योग को एक संगठित और संरक्षित स्वरूप मिल सके।फिरोजाबाद के श्रमिक और व्यापारी वर्ग सरकार से मांग कर रहे हैं कि इस प्रस्ताव को उत्तर प्रदेश शासन और केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाए, ताकि जल्द से जल्द “कांच श्रमिक एक्ट” लागू किया जा सके। इससे न केवल लाखों श्रमिकों को रोजगार की सुरक्षा मिलेगी, बल्कि यह पारंपरिक कांच उद्योग भी फलता-फूलता रहेगा। अगर सरकार ने इस दिशा में जल्द ध्यान नहीं दिया तो यह ऐतिहासिक उद्योग धीरे-धीरे बंद होने की कगार पर आ सकता है, जिससे न केवल फिरोजाबाद, बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ेगा। अब देखना यह है कि सरकार इस मांग पर कब और क्या फैसला लेती है।

Vande Bharat Live Tv News
Back to top button
error: Content is protected !!