
भारतीय किसान संघ के काला तलाव स्थित सम्भागीय कार्यालय “बलदाऊ भवन” का लोकार्पण समारोह सोमवार को आयोजित किया गया।समारोह में संत निरंजननाथ अवधूत, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वरिष्ठ प्रचारक राजेंद्र द्विवेदी, भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी तथा अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य राजेन्द्र पालीवाल अतिथि के तौर पर उपस्थित थे। इस दौरान ग्राम पंचायत प्रभारी सम्मेलन भी आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य वक्ता दिनेश कुलकर्णी ने कहा कि हमारे देश ने 2047 तक विकसित भारत का सपना देखा है। इस विकसित भारत में किसानों को अपनी भूमिका और स्थान तय करना होगा। उसी के अनुरूप अपनी क्षमता का भी विस्तार करना होगा। देश की 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए हमें रूपरेखा भी तैयार करनी होगी। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के आने से पूर्व विश्व के कुल व्यापार में भारत का हिस्सा 33% था। जो घटकर अब केवल 0.1% रह गया है। वैज्ञानिकों और किसानों ने मिलकर खाद्यान्न में भारत को स्वावलंबी बनाया है। ऐसा सामर्थ्य भारत के किसान में निहित है। अब हमें गौ कृषि वाणिज्यम की अवधारणा पर काम करना है। हमें उद्योगशील अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ना होगा। जिसके तहत गांव-गांव में कृषि आधारित पूरक उद्योगों की श्रृंखला खड़ी करनी होगी। जिसका आधार पशुपालन होगा। उन्होंने कहा कि सरकार को कृषि सुधार करने होंगे। पूर्व में लाए गए कृषि कानूनों को सुधारों के साथ फिर से लागू करना चाहिए। भारतीय किसान संघ के निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि आज जैविक और गौ आधारित कृषि के प्रति नवचेतना आई है। कृषि अनुसंधान परिषद में भी जैविक कृषि का पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है।
समारोह में अखिल भारतीय अधिकारी कैलाश गेंदोलिया, हुकुमचंद पाटीदार, मणिलाल लबाना, मोहन नागर काला तलाव, प्रान्त प्रचारक एवं पालक अधिकारी विजयानंद, मुरलीधर, प्रांत कार्यवाह शंकर माली, प्रान्त अध्यक्ष शंकरलाल नागर, प्रदेश महामंत्री तुलछाराम सिंवर, प्रदेश महिला प्रमुख राम मूर्ति मीणा, सह प्रमुख रमा शर्मा, शहर अध्यक्ष बृजराज नागर, लघु उद्योग भारती के ताराचंद गोयल, पवन टांक, पूर्व संगठन मंत्री राजबीर सिंह, दल्लाराम बटेसर, धनसिंह गुर्जर, रामनाथ मालव, कालूलाल गुर्जर समेत भामाशाह और ग्राम पंचायतों के प्रभारी व दायित्ववान कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।
तथाकथित किसान नेता सिंधु जल समझौता रद्द करने के खिलाफ देशविरोधी बयान दे रहे
दिनेश कुलकर्णी ने कहा कि खेती किसानी को लेकर समाज विरोधी ताकतें गलत नेरेटिव खड़ा करने का प्रयास कर रही हैं। जिससे देश को नुकसान हो रहा है। तथाकथित किसान नेता सिंधु जल समझौता रद्द करने के खिलाफ देश विरोधी बयान दे रहे हैं। ऐसे लोगों को जवाब देने के लिए हमें अध्ययनशील कार्यकर्ता खड़े करने होंगे। हमें एक लाख गांव और एक करोड़ किसानों तक पहुंचने के काम का आधार अपने कार्यालय को बनाना होगा। इस दौरान पहलगाम आतंकी हमले में प्राण गंवाने वाले देशवासी पर्यटकों को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी दी गई।