
*दिव्यांगजन प्रमाण पत्र के लिए स्वावलंबन पोर्टल पर आवेदन करना हुआ जरूरी*
डीडवाना-कुचामन, 20 मई।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने दिव्यांगजन के लिए विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने के लिए यूडीआईडी कार्ड आवश्यक कर दिया है।
विभाग के जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी जयपाल सिंह ने बताया कि पूर्व में दिव्यांगजन पंजीयन पोर्टल पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए आवेदन किया जाता था। दिव्यांगजन की ओर से इस पोर्टल पर आवेदन करने के बाद चिकित्सकीय जांच के लिए अपनी उपस्थिति सुनिश्चित नहीं करने से उन्हें वापस सिस्टम जनरेटेड संदेश भेजकर उपस्थित होने के लिए सूचित किया गया, फिर भी उनके उपस्थित नहीं होने पर उनके आवेदन होल्ड पर चले जाते थे और उनका दिव्यांगजन प्रमाण-पत्र जारी नहीं हो पाता था।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा एक मार्च 2024 से दिव्यांगता प्रमाण-पत्र के लिए स्वावलंबन पोर्टल पर आवेदन करना जरूरी कर दिया गया है। अतः जिले में ऐसे दिव्यांगजन जिनका यूडीआईडी कार्ड नहीं बना है वे स्वावलंबन पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाकर उसका प्रिन्ट मय समस्त दस्तावेज लेकर अपने ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी या प्रमुख चिकित्सा अधिकारी के पास अपना चिकित्सकीय प्रमाणीकरण करवाकर उनकी ओर से दिए गए प्रमाण-पत्र को पोर्टल पर अपलोड कराए, ताकि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रमाणीकरण कर प्रमाण-पत्र (यूडीआईडी) जारी कर सकें।
उन्होंने बताया कि इस कार्ड के अभाव में दिव्यांगों को मिलने वाली सुविधाएं बंद हो सकती है।












