
डीडवाना-कुचामन जिले में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों के क्रम में वंदे गंगा आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन जिला प्रभारी सचिव श्री कन्हैयालाल स्वामी एवं जिला कलक्टर श्री पुखराज सेन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ।
आमुखीकरण कार्यशाला में जिला प्रभारी सचिव श्री स्वामी ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए,अभियान में की जाने वाली गतिविधियों,विभिन्न विभागों की भूमिका एवं कार्यों के बारे में जानकारी प्रदान की।
इस दौरान उन्होंने अभियान के तहत जल संरचनाओं एवं पारंपरिक जल स्त्रोतों के रख – रखाव, हरियालो राजस्थान के तहत पौधारोपण कार्यों के बारे में महत्वपूर्ण निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने अभियान में जनप्रतिनिधियों, भामाशाहों, सामाजिक संस्थाओं, प्रवासियों सहित जन भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आमुखीकरण कार्यशाला में जिला कलक्टर श्री पुखराज सेन ने अभियान के तहत जिले की कार्य योजना के संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर जिले में अभियान की प्रभावी क्रियान्विती करने पर बल दिया।
इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को अभियान में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
जिला प्रभारी सचिव न प्रेस वार्ता को किया संबोधित
इस अवसर पर जिला प्रभारी सचिव श्री कन्हैयालाल स्वामी ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान को लेकर प्रेसवार्ता को भी संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी देकर अभियान उपयोगिता के साथ इसके अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों, किये जाने वाले कार्यों की रूपरेखा से अवगत कराया।
इस दौरान सभी विभागों के अधिकारियों ने भी किये जाने वाले कार्यों की जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।