आबकारी नियमों की उड़ रही धज्जियाँ, जिम्मेदार अधिकारी मौन
अजीत मिश्रा (खोजी)
।। जिभियांव चौराहे पर सुबह 6 बजे से ही बिकने लगती है देसी शराब, आबकारी नियमों की उड़ रही धज्जियाँ, जिम्मेदार अधिकारी मौन ।।
जून 28, 2025
कुदरहा, बस्ती।बस्ती जनपद के जिभियांव चौराहे पर सुबह 6:00 बजे से ही देसी शराब की खुलेआम बिक्री हो रही है, जिससे आबकारी विभाग के नियम-कानूनों की जमकर धज्जियाँ उड़ रही हैं। निर्धारित समय से पहले शराब की बिक्री न केवल कानूनी उल्लंघन है, बल्कि स्थानीय समाज पर नशे की लत को भी बढ़ावा दे रही है।
आश्चर्य की बात यह है कि यह सब प्रशासन की नाक के नीचे हो रहा है, और जिम्मेदार अधिकारी इस पूरी गतिविधि पर चुप्पी साधे हुए हैं। न कोई छापेमारी, न कोई कार्यवाही – मानो विभाग ने खुद ही आंख मूंद ली हो।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सुबह के समय जब लोग स्कूल, दफ्तर या खेत की ओर जाते हैं, तब चौराहे पर शराबियों की भीड़ से माहौल असुरक्षित हो जाता है। कई बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
अब देखना यह है कि क्या जिला प्रशासन और आबकारी विभाग इस खुले उल्लंघन पर कोई कार्रवाई करेगा, या फिर यह अवैध शराब व्यापारियों की मिलीभगत में लिप्त चुप्पी आगे भी बनी रहेगी।










