
निर्माण एवं विकास कार्यों सहित योजनाओं का क्रियान्वयन समय सीमा में हो- विधायक विश्वामित्र पाठक
विधानसभा क्षेत्र सिहावल में स्वीकृत सभी निर्माण व विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराएं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता से कराएं जिससे हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उक्त आशय के विचार क्षेत्रीय विधायक श्री विश्वामित्र पाठक ने सिहावल में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान व्यक्त किए। दिनांक 15.07.2025 को जनपद सभागार सिहावल में विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की खण्ड स्तरीय समीक्षा बैठक श्री विश्वामित्र पाठक विधायक सिहावल के अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में सभी विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा हुई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान बिगड़े हैंडपंपों का सुधार तत्परता से कराने के लिए कहा गया। जल निगम की समीक्षा में पाइप लाइन एवं टंकी निर्माण के कार्य में गुणवत्ता एवं शीघ्रता से कराने के लिए निर्देशित किया गया। जनपद की समीक्षा में अधिक से अधिक सामूहिक एवं हितग्राही कार्यों विशेषकर एक बगिया मां के नाम में पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन करने एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के लिए कहा गया। सभी अस्पतालों, आंगनवाड़ी केंद्रों में पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था कराने के लिए कहा गया। सहकारिता की समीक्षा में शत प्रतिशत हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने, किसानों को यूरिया, डी ए पी की आवश्यकतानुसार उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। निर्माण एजेंसियों पी डब्लू डी, आर ई एस,प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क के अधिकारियों को मार्ग निर्माण के कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराने, मार्गों के मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से कराएं जिससे आवागमन में कोई दिक्कत न हो। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों को खरीफ फसलों के बीज का वितरण शीघ्रता से कराने के लिए कहा गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान पाठ्य पुस्तक, गणवेश एवं सायकल का वितरण समय पर कराने के लिए निर्देशित किया गया। श्री विश्वामित्र पाठक विधायक सिहावल ने खंड स्तरीय अधिकारियों से योजनाओं का क्रियान्वयन तत्परता से करने एवं पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के लिए कहा।
समीक्षा बैठक में सुश्री प्रिया पाठक एसडीएम सिहावल, सुश्री रश्मि पाण्डेय सीईओ जनपद पंचायत सिहावल, एस. एन. द्विवेदी सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सहित खंड स्तरीय विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


