[pj-news-ticker]

A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

गाजीपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, कई गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ा

चैनल से जुड़ने के लिए इमेज पर क्लिक करें

वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्ट गाजीपुर

गाजीपुर। जिले में गंगा नदी एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर चुकी है। लगभग 25 दिन बाद दूसरी बार गंगा का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। बुधवार को गंगा का जलस्तर खतरा बिंदु 63.105 मीटर को पार कर 63.380 मीटर तक पहुंच गया। जलस्तर में प्रति घंटे 3 सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ाव जारी है। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार दोपहर 2 बजे जलस्तर 63.350 मीटर था, जबकि शाम तक यह 63.380 मीटर हो गया।

गंगा के बढ़ते जलस्तर से तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा

तेजी से बढ़ते जलस्तर के कारण जिले के कई तटवर्ती गांवों में बाढ़ का पानी घुसने लगा है। रेवतीपुर-गहमर बाईपास मार्ग पर करीब 50 मीटर के दायरे में दो फीट पानी भर चुका है। हसनपुरा, वीरऊपुर और नसीरपुर के मुख्य मार्ग पर डेढ़ फीट तक पानी है। इन तीनों गांवों की आबादी लगभग 12 हजार है। इन इलाकों के 50 बीघा खाली खेतों में पानी भर चुका है।
कुल मिलाकर जिले के 15 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं। वहीं अब तक करीब 250 बीघा खेत जलमग्न हो गए हैं।

गंगा घाटों की सीढ़ियां डूबीं, श्मशान घाट पर खतरा

नगर के ददरीघाट, कलक्टरघाट, चीतनाथ, रामघाट, अंजनी घाट, पोस्ता घाट, खिड़की घाट की अधिकांश सीढ़ियां गंगा के पानी में डूब गई हैं। स्थिति यह है कि अगर जलस्तर इसी रफ्तार से बढ़ा तो डीएम कार्यालय के सामने तक पानी पहुंच सकता है। श्मशान घाट, लकड़ी डाल और गोला घाट क्षेत्र की सड़कों पर भी पानी आने की आशंका है।

स्कूलों पर बाढ़ का असर

बाढ़ की स्थिति शिक्षा व्यवस्था पर भी असर डाल रही है। जिले के 101 स्कूल बाढ़ से प्रभावित हैं। अधिकांश स्कूलों के रास्ते और कुछ स्कूलों के बरामदे तक पानी पहुंच गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि बाढ़ प्रभावित स्कूलों को पास के सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

तहसीलों और गांवों की ताजा स्थिति

गहमर तहसील क्षेत्र: नगदीलपुर के पास बाईपास मार्ग पर 50 मीटर में दो फीट पानी।

औड़िहार क्षेत्र: वराह गंगा घाट पूरी तरह डूब गया है। घाट पर स्थित शिव-पार्वती मंदिर जलमग्न हो गया। घाट के ऊपर बने निर्माणाधीन वृद्धाश्रम में भी पानी घुस गया। आसपास के गांव – पटना, औड़िहार, जौहरगंज, सैदपुर, फुलवारी, चकेरी, देवचंदपुर, शादीभादी – के 200 बीघा खेत पानी में डूब गए।

मौधा क्षेत्र: गंगा की सहायक नदी गोमती में भी बढ़ाव है। तेतारपुर गांव के मुख्य मार्ग पर गोमती का पानी फैल गया है।

जमानिया क्षेत्र: मतसा बाड़, सब्बलपुर बाड़, जीवपुर बाड़, देवरिया बाड़, रघुनाथपुर बांड सहित दर्जनों गांव गंगा के पानी से घिर गए हैं।

कर्मनाशा नदी का असर: भतौरा और मगरखाई गांव में बाढ़ का पानी भर गया है। भतौरा तीन ओर से और मगरखाई एक ओर से पानी से घिर गया है। लगभग 20 बीघा खेत में पानी फैल गया है।

प्रशासन की तैयारी

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी एसडीएम को अलर्ट कर दिया है। एडीएम दिनेश कुमार ने बताया कि गंगा और उसकी सहायक नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। अभी फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सतर्कता बढ़ा दी गई है।

[yop_poll id="10"]

Jitendra Maurya

Vande Bharat Live Tv News Ghazipur Uttar Pradesh India
Back to top button
error: Content is protected !!