
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार के निर्देशानुसार बलियापुर थाना परिसर में “पुलिस की पाठशाला” नामक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय स्कूली बच्चे शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी सत्याजीत कुमार ने बच्चों को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा की पहचान एवं उससे निपटने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 डायल करने को कहा गया।
थाना प्रभारी ने छात्रों को शिक्षा और अनुशासन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि मेहनत, ईमानदारी और समय का सही उपयोग ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने बच्चों को हमेशा कानून का पालन करने, गलत संगत से दूर रहने और दूसरों की मदद करने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ बच्चों ने पौधारोपण भी किया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने भी पुलिस अधिकारियों से सवाल पूछे और यातायात नियमों एवं साइबर सुरक्षा से जुड़ी जिज्ञासाएँ साझा कीं। इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में जागरूकता के साथ-साथ पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ता है।









