
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज

लखनऊ। कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश ओबीसी विभाग की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नई टीम में सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए 35 फीसदी पद पिछड़ी जातियों और 65 फीसदी पद अतिपिछड़ी जातियों को दिए गए हैं।
ओबीसी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने इन नियुक्तियों के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का आभार जताया है।
मनोज यादव ने कहा कि नई कार्यकारिणी प्रदेशभर में ओबीसी समाज के अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय की मजबूती के लिए कार्य करेगी। उन्होंने नई टीम को बधाई देते हुए आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
—
ओबीसी कांग्रेस का बड़ा अभियान: “भागीदारी न्याय चौपाल” और “संविधान सुरक्षा पदयात्रा”
ओबीसी विभाग ने राज्य भर में एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की योजना बनाई है।
ब्लॉक और जनपद स्तर पर “भागीदारी न्याय चौपाल” आयोजित की जाएगी, जिसमें ओबीसी समाज को आबादी के अनुपात में आरक्षण, नौकरियों और संसाधनों में हिस्सेदारी के लिए जागरूक किया जाएगा।
इसके साथ ही, संविधान सुरक्षा चौपाल और पदयात्रा अभियान के ज़रिए जनता को संस्थाओं के दुरुपयोग, लोकतांत्रिक अधिकारों और वोट की ताकत के महत्व के प्रति भी सचेत किया जाएगा।
—
आरएसएस पर फोकस: “बहुजनों की कब्रगाह” विषय पर गोष्ठियाँ
कांग्रेस का ओबीसी विभाग “आरएसएस: बहुजनों की कब्रगाह” विषय पर गोष्ठियाँ आयोजित करेगा।
इनमें आरएसएस के जन्म के असली उद्देश्य, उसकी कार्यप्रणाली, ओबीसी आरक्षण के खिलाफ कमंडल आंदोलन में भूमिका, और अन्ना आंदोलन में भागीदारी जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
—
सामाजिक न्याय सम्मेलन से लेकर बड़ी रैली तक
मनोज यादव ने बताया कि आगामी दिनों में
जिला स्तर पर सामाजिक न्याय सम्मेलन और भागीदारी न्याय सम्मेलन,
मंडल स्तर पर मंडलीय सम्मेलन,
और अंत में
प्रदेश स्तर पर एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी।
इस रैली के माध्यम से भाजपा की “पिछड़ा विरोधी नीतियों” को उजागर करने का अभियान चलाया जाएगा।








