

विधायक आशुतोष मौर्या ने सुजानपुर स्कूल में विधायक निधि से हुए कार्य का किया लोकार्पण
बिसौली। विकास क्षेत्र के संविलित विद्यालय सुजानपुर के परिसर में विधायक निधि के अंतर्गत इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य का लोकार्पण कार्यक्रम एवं विद्यालय का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक आशुतोष मौर्या, भाजपा ब्रज प्रांत के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य हरिओम पाराशरी एवं समाजसेवी नीरज वार्ष्णेय साईंराम ने मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि विधायक आशुतोष मौर्या ने विद्यालय परिसर में विधायक निधि से निर्मित इंटरलॉकिंग का लोकार्पण किया तथा विद्यालय में एक पौधा रोपित किया। विद्यालय के वार्षिकोत्सव में छात्राओं रिंकी एवं शिवानी ने राधा कृष्ण नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। श्री मौर्या ने अपने संबोधन में कहा कि वह क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को दूर करने के लिए सदैव तत्पर हैं। क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य हरिओम पाराशरी ने सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों के भौतिक वातावरण को सुधारने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मधुकर उपाध्याय, ब्लॉक मंत्री अनुज कुमार शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि विधायक आशुतोष मौर्या को विद्यालय परिवार द्वारा स्मृति चिन्ह एवं आभार पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि नीरज वार्ष्णेय साईंराम, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. अर्चना वार्ष्णेय, नीति आनंद, रानी, एआरपी मचिन मिश्रा, अताउर रहमान, शिक्षामित्र संघ के ब्लॉक मंत्री अवनीत सक्सेना, हरीश चन्द्र शर्मा, सचिन शर्मा, अमित शर्मा , उमेश चन्द्र शर्मा, योगेश शर्मा, हेमेंद्र गौतम, पुनीत शाक्य, बबलू, देवेन्द्र, धर्मेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक साहू सावेन्द्र गुप्ता ने किया।









