
कटनी, रीठी।। GANESH UPADHYAY VANDE BHARAT LIVE TV NEWS KATNI MP.
रीठी थाना क्षेत्र के देवगांव के समीपस्थ इमलिया मोड़ पर एक मोटरसाइकिल सवार युवक को पिकअप वाहन के चालक ने कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही करते हुए मामले को जांच में लिया है। 
घटना के संबंध में हासिल जानकारी के मुताबिक रीठी थाना क्षेत्र के देवगांव निवासी 19 वर्षीय युवक अंकित यादव शनिवार की सुबह रोज की तरह काम की तलाश में घर से निकला था। मोटरसाइकिल से जैसे ही वह इमलिया मोड़ के समीप पहुंचा सामने से आ रहे पिकअप वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी। घटना में युवक अंकित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप वाहन चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने घटना की सूचना रीठी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रीठी भेजा, जहां पर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत से गांव में मातम छाया रहा।





