A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

बसंतपुर, हुमायूपुर और पुर्दिलपुर में खुलेगा सरकारी पॉली क्लिनिक





विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं, निजी डॉक्टरों को मिलेगी 5 हजार प्रति दिन की दर

गोरखपुर संवाददाता।
शहर के बसंतपुर, हुमायूपुर और पुर्दिलपुर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर जल्द ही सरकारी पॉली क्लिनिक की सुविधा शुरू होने जा रही है। इन पॉली क्लिनिकों में निजी क्षेत्र के विशेषज्ञ चिकित्सक प्रतिदिन 5,000 रुपये की दर से आवश्यकतानुसार सेवाएं देंगे। इसके लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों से आवेदन मांगे गए हैं।

रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजेश झा ने बसंतपुर शहरी स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर पॉली क्लिनिक के लिए तैयार की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने जहां-जहां आवश्यक सुधार की जरूरत बताई, संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए। इसी क्रम में उन्होंने सीएचसी पाली में निर्माणाधीन बीपीएचयूएल और रिठुआखोर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर लगे मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का भी निरीक्षण किया।

डॉ. झा ने बताया कि तीनों पॉली क्लिनिकों में स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, जनरल फिजिशियन, चर्म रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ एवं मनोरोग विशेषज्ञों को जोड़ा जा रहा है। इच्छुक निजी चिकित्सक अपना बायोडेटा नगरीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. विनय पांडेय के पास जमा कर रहे हैं। सभी विशेषज्ञों से 15 दिन के भीतर प्रमाण पत्र और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट की प्रति जमा करने को कहा गया है।

विशेषज्ञ चिकित्सक सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक पॉली क्लिनिक में सेवाएं देंगे और दोपहर बाद टेलीकंसल्टेशन भी करेंगे। मरीजों की संख्या और मांग के अनुसार चिकित्सकों को पूर्व सूचना देकर बुलाया जाएगा।

सीएमओ ने बताया कि बसंतपुर में एक भव्य पॉली क्लिनिक विकसित करने की तैयारी चल रही है, जहां स्थान की कोई कमी नहीं है। निजी अस्पतालों के बेहतरीन डॉक्टरों को सरकारी पॉली क्लिनिक से जोड़ने के लिए चिकित्सा संगठनों से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि आम जनता को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान डॉ. झा ने सीएचसी पाली में बन रहे बीपीएचयूएल के सभी कक्षों का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य को शीघ्र एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। रिठुआखोर के मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में उन्होंने स्टाफ की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और सेवाओं की गुणवत्ता की जांच कर सुधार के प्रति आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप मेले और स्वास्थ्य केन्द्रों पर सभी प्रमुख सेवाएं समुदाय को निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

Back to top button
error: Content is protected !!