A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

काशी तमिल संगमम में सीएम योगी की सुरक्षा में बड़ी चूक, युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर दौड़ा; मौके पर दबोचा गया

काशी तमिल संगमम में सीएम योगी की सुरक्षा में बड़ी चूक, युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर दौड़ा; मौके पर दबोचा गया

चन्दौली /वाराणसी  नमो घाट पर मंगलवार को काशी–तमिल संगमम के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। सीएम के मंच पर पहुंचने के ठीक बाद अचानक एक युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर उनकी ओर दौड़ पड़ा। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसे कुछ ही सेकंड में पकड़ लिया, जिससे किसी अनहोनी की संभावना टल गई।

 

घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए हलचल मच गई, हालांकि सुरक्षा बलों ने स्थिति को तुरंत नियंत्रण में ले लिया। पकड़े गए युवक की पहचान जोगिंदर गुप्ता, निवासी वाराणसी, के रूप में हुई है। वह सिटी स्टेशन पर पानी बेचने का काम करता है।ACP विदुष सक्सेना ने बताया कि युवक प्रारंभिक पूछताछ में बेहद नशे की हालत में पाया गया। परिजनों ने भी पुष्टि की है कि जोगिंदर अक्सर शराब के नशे में रहता है और उसकी मानसिक स्थिति भी स्थिर नहीं रहती। उसके लिए चिकित्सकीय उपचार जारी है।

 

एसीपी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने युवक को मंच तक पहुंचने से पहले ही हिरासत में ले लिया था। मौके पर उसकी मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें उसके अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई। मानसिक अस्थिरता की वजह से उसे आगे की जांच के लिए मानसिक चिकित्सालय भेजा गया है, जहां डॉक्टर उसकी विस्तृत जांच कर रहे हैं।

 

पुलिस ने बताया कि युवक की मंशा अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस इसके बावजूद सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, क्योंकि घटना वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी है।नमो घाट पर मंगलवार को शुरू हुए काशी तमिल संगमम के इस बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण अतिथि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!