
निवाड़ी जिला निवाड़ी मध्यप्रदेश
“अंतराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस” के अवसर पर सभी दिव्यांग जनों के प्रति सहानुभूति एवं हर काम में सहायता करना हमारा मानवीय दायित्व है : कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे
प्रतियोगिताओं में सम्मिलित सभी दिव्यांग प्रतिभागी प्रथम रहे हैं। कोई भी द्वितीय-तृतीय नहीं है : कलेक्टर
हम सभी का कर्तव्य है कि दिव्यांग जनों की निःस्वार्थ भाव से मदद करें
—
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग के तत्वाधान में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 02 के सामने स्थित खेल ग्राउंड में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे द्वारा 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाई गई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल बच्चों/प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। पेंटिंग, रंगोली, मेंहदी, चित्रकला एवं दौड़ प्रतियोगिता प्रमुख आकर्षण के केन्द्र रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे ने दिव्यांग बच्चों की पेंटिंग, रंगोली, मेंहदी, चित्रकला एवं दौड़ प्रतियोगिता में दिव्यांग बच्चों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा “अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर आप सभी को बहुत बहुत शुभकामनाएं! आज के दिन, हम सबको दिव्यांगजनों के अधिकारों और उनकी क्षमताओं को पहचानने का संकल्प लेना चाहिए। आइए, हम सब मिलकर एक ऐसा समाज बनाएं जो हर किसी के लिए सुलभ और समावेशी हो, जहां दिव्यांगजन भी अपने सपनों को पूरा कर सकें। मैं आप सभी से आग्रह करती हूं कि दिव्यांगजनों के प्रति अपनी सोच बदलें और उन्हें समान अवसर प्रदान करने में अपना योगदान दें। उनकी क्षमताओं को पहचानें, उनकी प्रतिभा का सम्मान करें और उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करें।
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में सम्मिलित दिव्यांग बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सभी प्रतियोगिताओं में सम्मिलित सभी दिव्यांग प्रतिभागी प्रथम रहे हैं। कोई भी द्वितीय तृतीय नहीं है। हम सभी का कर्तव्य है कि दिव्याग जनों की निः स्वार्थ भाव से मदद करे
इस अवसर पर उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण कल्याण विभाग सुश्री वान्या टंडन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री उनमेश श्रीवास्तव, डीपीसी श्री पीएस दिनकर, जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी श्री राजेश पटेरिया, प्राचार्य श्री व्हीके पुरोहित, अधिकारी कर्मचारी छात्राएं पत्रकार प्रतिनिधि गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




