दरभंगा, 20 दिसंबर 2025।
जिले में धान अधिप्राप्ति को लक्ष्य के अनुरूप गति देने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में धान अधिप्राप्ति टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी दरभंगा, सभी प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक, बिहार राज्य सहकारी के शाखा प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी ने जानकारी दी कि अब तक जिले में 1631 किसानों से कुल 10,419 मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति की जा चुकी है। इस प्रगति पर जिलाधिकारी ने खेद प्रकट करते हुए इसे अपेक्षा से कम बताया। उन्होंने सभी प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 31 दिसंबर 2025 तक प्रत्येक प्रखंड से कम से कम 300 किसानों से धान की अधिप्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निबंधित किसानों से सक्रिय रूप से संपर्क स्थापित कर धान की खरीदारी की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को धान खरीदारी के 48 घंटे के भीतर भुगतान हो। उन्होंने कहा कि भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसकी जिम्मेदारी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी की होगी।
बैठक में विशेष रूप से सदर, केवटी, बेनीपुर और सिंहवाड़ा प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि समय पर अधिप्राप्ति और भुगतान से किसानों का विश्वास बढ़ेगा और सरकारी लक्ष्य भी पूरा हो सकेगा।







