

ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन विन्ध्य की विकास रेखा है – उप मुख्यमंत्री
रेलवे परियोजना का कार्य 2028 तक हर हाल में पूरा कराएं – उप मुख्यमंत्री
सिंगरौली : उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नवीन सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन विन्ध्य की विकास रेखा है। सीधी-सिंगरौली हाईवे तथा रेलवे परियोजना का कार्य पूरा हो जाने से नए इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का विकास होगा। सिंगरौली तक रेलवे लाइन के जुड़ जाने से विन्ध्य पूर्वोत्तर राज्यों से सीधे कनेक्ट हो जाएगा। लंबी दूरी की ट्रेनें चलने से आवागमन में सुविधा के साथ व्यापार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 2028 तक सीधी से सिंगरौली और पन्ना से खजुराहो तक रेलवे लाइन का निर्माण कार्य हरहाल में पूरा कराएं। अभी अप्रैल माह तक रीवा से सीधी स्टेशन तक का निर्माण कार्य पूरा कराएं जिससे रेवांचल एक्सप्रेस ट्रेन का सीधी तक विस्तार किया जा सके।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस रेलवे परियोजना के पूरा होने से विन्ध्य और बुंदेलखण्ड के आर्थिक विकास में तेजी आएगी। रेलवे तथा प्रशासन के अधिकारी परियोजना के निर्माण कार्यों से जुड़ी बाधाएं समन्वय से दूर करें। रेलवे के अधिकारी सीधी तथा सिंगरौली कलेक्ट्रेट में प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाली टीएल बैठक में उपस्थित होकर भू-अर्जन संबंधी प्रकरणों का निराकरण कराएं। कलेक्टर हर सप्ताह परियोजना के कार्यों की समीक्षा करें। भू-अर्जन के कार्यों में देरी न करें। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए भू-अर्जन करें। मुआवजा प्राप्त करने के बाद भी यदि कोई व्यक्ति परियोजना के कार्यों में बाधा डालने का प्रयास करता है तो उससे कठोरता से निपटें। सीधी से गजरही तक का भू-अर्जन पूरा हो गया है। गजरही से गोपद नदी तथा सिंगरौली तक भू-अर्जन की कार्यवाही तेजी से पूरी करें। इनके लिए टेण्डर जारी हो गए हैं। भू-अर्जन पूरा होते ही निर्माण एजेंसी कार्य शुरू कर दे। रेलवे के अधिकारी इस बात का ध्यान रखें कि भू-अर्जन के बाद पूरक प्रस्ताव की आवश्यकता न रहे।
बैठक में सांसद रीवा श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि रीवा रेलवे स्टेशन में मेंटीनेंस डिपो का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराएं। जिससे लंबी दूरी की ट्रेनों का रीवा से संचालन शुरू हो सके। रीवा रेलवे स्टेशन में जारी कार्यों को भी समय-सीमा में पूरा कराएं। सांसद सीधी डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि इस वर्ष सीधी तक ट्रेन पहुंचना हम सबके लिए बड़ी उपलब्धि होगी। प्रशासन रेलवे के अधिकारियों को पूरा सहयोग कर रहा है। सिंगरौली तक रेलवे का निर्माण तेजी से पूरा कराएं। सिंगरौली-व्यौहारी रेलवे लाइन में संजय टाइगर रिजर्व को बायपास करने के लिए प्रस्तावित 45 किलोमीटर नवीन दोहरे रेलवे लाइन के भू-अर्जन का कार्य तेजी से पूरा कराएं। इसका कार्य पूरा होने से सिंगरौली से यात्री ट्रेनों की सुविधा बढ़ेगी।
बैठक में पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने कहा कि 31 मार्च तक सीधी रेलवे लाइन का कार्य पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे प्रशासनिक अधिकारियों के समन्वय से तेजी से कार्य कर रहा है। गोपद नदी से सिंगरौली तक भू-अर्जन की कार्यवाही जारी है। सिंगरौली तक रेलवे लाइन बनाने का कार्य दिसम्बर 2028 तक पूरा हो जाएगा। सतना से पन्ना जिले में सकरिया तक मार्च माह तक रेलवे लाइन बिछ जाएगी। पन्ना से अजयगढ़ तथा अजयगढ़ से खजुराहो तक लाइन बिछाने में लगभग 18 महीने का समय लग जाएगा। इस क्षेत्र में अभी वन विभाग से कार्य करने की अनुमति नहीं मिली है। महाप्रबंधक ने बताया कि पश्चिम मध्य रेलवे जोन को वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट कार्यों के लिए गोविंदवल्लभ पंत शील्ड प्रदान की गई है। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति की सेक्शनवार जानकारी दी गई। बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद, कलेक्टर रीवा श्रीमती प्रतिभा पाल, कलेक्टर सीधी स्वरोचिष सोमवंशी, कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पश्चिम मध्य रेलवे एमएस हाशमी तथा रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, संबंधित क्षेत्र के एसडीएम तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





