A2Z सभी खबर सभी जिले कीFinanceTechnologyअन्य खबरेटेक्नोलॉजीधारमध्यप्रदेशलाइफस्टाइल

धार जिले की खबरें एवं अपने आस पास के जनहित के निष्पक्ष खबरों के प्रकाशन के लिए सुरेन्द्र दुबे से जुड़े 9425179527

लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत समय-सीमा में सेवा नहीं देने पर 9 पदाभिहित अधिकारियों पर 21 हजार 500 रुपये की शास्ति अधिरोपित

धार, 5 फरवरी 2026। कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पांडेय द्वारा मध्यप्रदेश लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण नहीं किए जाने पर 9 पदाभिहित अधिकारियों पर कुल 21 हजार 500 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है।

इसमें तहसीलदार सरदारपुर श्री मुकेश बामनिया पर 6 हजार 500 रुपये, नायब तहसीलदार नालछा श्रीमती विशाखा चौहान पर 5 हजार रुपये, तहसीलदार धार श्री दिनेश कुमार उईके पर 4 हजार रुपये, प्रभारी तहसीलदार वृत्त बाग श्री मुकेश मालवीय पर 2 हजार रुपये, नायब तहसीलदार मनावर श्री राजेश भिंडे पर 1 हजार 500 रुपये तथा तहसीलदार धरमपुरी श्री कुणाल अवास्या पर 1 हजार रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है। इसके अतिरिक्त नायब तहसीलदार वृत्त दिग्ठान सुश्री अनिता बरेठा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सरदारपुर श्री जौशुआ पीटर एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजगढ़ श्रीमती ज्योति सुनारिया पर 500-500 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है।

अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पांडेय ने बताया कि स्थानीय प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, तहसील स्तरीय रिकॉर्ड रूम से अभिलेख शाखा में जमा भू-अभिलेख, राजस्व प्रकरण, नक्शे, निर्माण श्रमिकों का पंजीयन, विवाह पंजीयन तथा जन्म-मृत्यु पंजीयन से संबंधित प्राप्त प्रकरणों का नियत समय-सीमा में निराकरण पदाभिहित अधिकारियों द्वारा नहीं किया गया, जिसके कारण प्रकरण लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समय-सीमा से बाहर हो गए।

लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010 की धारा 7(1)(ख) के प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक विलंबित प्रकरण पर 500 रुपये की दर से शास्ति अधिरोपित की गई है।

 

वन मंडल धार में वनों एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा हेतु ड्रोन स्क्वाड की स्थापना

धार, 5 फरवरी 2026। वन मंडल अधिकारी के निर्देशानुसार वन मंडल धार के अंतर्गत वनों एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ड्रोन स्क्वाड की स्थापना की गई है। इस ड्रोन स्क्वाड में 01 डिप्टी रेंजर, 02 वन रक्षक, 01 ड्रोन ऑपरेटर तथा 01 चौकीदार कार्यरत हैं।

ड्रोन स्क्वाड द्वारा वन क्षेत्रों में अतिक्रमण, अवैध कटाई एवं अन्य वन अपराधों पर सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे वन संरक्षण के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। साथ ही वन्यप्राणियों की सुरक्षा एवं निगरानी के लिए ड्रोन तकनीक का सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है।

ड्रोन के माध्यम से मांडव क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कर वन विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है। हाल ही में मांडव के नालछा क्षेत्र में नीलगाय का एक शावक अपनी माता से बिछुड़ गया था, जिसकी खोजबीन में ड्रोन स्क्वाड की सहायता ली गई।

इसके अतिरिक्त ड्रोन स्क्वाड द्वारा विभिन्न विभागीय गतिविधियों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कर आवश्यक दस्तावेजीकरण भी किया जा रहा है, जो भविष्य में निगरानी, योजना निर्माण एवं संरक्षण कार्यों में सहायक सिद्ध होगा।

 

ग्राम मियापुरा (नालछा) में “जल अर्पण दिवस” के अंतर्गत गर्व का पर्व, हर घर नल से जल कार्यक्रम आयोजित

धार, 5 फरवरी 2026। जल जीवन मिशन अंतर्गत जल अर्पण दिवस एवं स्वामित्व का उत्सव कार्यक्रम के तहत गुरुवार को विकासखंड नालछा के ग्राम मियापुरा में “जल अर्पण दिवस – गर्व का पर्व, हर घर नल से जल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों के सक्रिय सहयोग से विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

कार्यक्रम के दौरान जल वंदना के साथ ग्राम में सुरक्षित पेयजल एवं स्वच्छता के संदेश को सशक्त करते हुए क्रियान्वित नलों को पुष्पों से सुसज्जित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण महिलाओं, ग्राम पंचायत सरपंच, उपसरपंच एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा नल पूजन किया गया तथा भजन-कीर्तन के माध्यम से पूजा-अर्चना की गई।

इसी क्रम में ग्रामवासियों को नल जल योजना एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यालय के बच्चों, ग्राम की महिलाओं, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों, पंप ऑपरेटर तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से स्कूल रैली एवं कलश यात्रा का आयोजन कर ग्राम में रैली निकाली गई।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव, जनप्रतिनिधि, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

6 दिवसीय बैंक मित्र प्रशिक्षण का समापन

 

धार, 5 फरवरी 2026। म.प्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के समूह सदस्यों को स्टार स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित बैंक मित्र (मिशन वन जीपी वन बीसी) प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला अग्रणी प्रबंधक श्री बलराम बैरागी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान श्री बलराम बैरागी द्वारा विभिन्न बैंकिंग योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में आजीवकिा मिशन से जिला प्रबंधक सूक्ष्म वित्तं श्री प्रवीण सोलंकी द्वारा बैंक मित्र प्रशिक्षण से प्राप्त होने वाले लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर स्वरोजगार अपनाने हेतु प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान के निदेशक श्री कालीचरण सेमें द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन संकाय सदस्य श्री अक्षय मालवीय द्वारा किया गया। इस अवसर पर आजीविका मिशन से श्रीमती आरती चौहान एबीएम व आर सेटी संकाय सदस्य श्रीमती वर्षा जैन, कार्यालय सहायक खुशी डाबी, लक्ष्मी खेड़े, प्रशिक्षक रितेश कुमरावत सहित संस्थान के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

 

मेरा युवा भारत बजट क्वेस्ट 2026 का किया जा रहा आयोजन

 

धार 5 फरवरी 2026। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत प्लेटफ़ॉर्म द्वारा युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत बजट क्वेस्ट 2026 का राष्ट्रीय स्तर का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को केंद्रीय बजट 2026 से जोड़ना उनकी आर्थिक एवं नीतिगत समझ को सशक्त बनाना तथा विकसित भारत/2047 के विजन में युवाओं के प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में एक ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है कॉलेज में सफल प्रतिभागियों को द्वितीय चरण में चयनित आठ विषयों पर निबंध लेखन का अवसर मिलेगा ये विषय बजट युवा सशक्तिकरण रोज़गार शिक्षा नवाचार आत्मनिर्भर भारत एवं राष्ट्रीय विकास से संबंधित होंगे। निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद में शामिल होने का विशेष अवसर प्रदान किया जाएगा। जहाँ युवा अपने विचार सीधे देश के सर्वोच्च नेतृत्व के समक्ष साझा कर सकेंगे।

मेरा युवा भारत बजट 2026 का आयोजन 3 से 17 फ़रवरी तक ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा देश भर के युवा मेरा युवा भारत पोर्टल https://mybharat.gov.in/ पर पंजीकरण कर इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। मेरा युवा भारत ने सभी युवाओं से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़े और राष्ट्र निर्माण में अ पनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

 

Back to top button
error: Content is protected !!