A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेकटनीमध्यप्रदेश

सीमेंट से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, चालक जख्मी

बड़गांव के समीप हुआ हादसा, जांच में जुटी पुलिस 

कटनी, रीठी।। GANESH UPADHYAY VANDE BHARAT LIVE TV NEWS KATNI MP.

कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़गांव के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमेंट की बोरियों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक एमपी 13 एच 2229 मैहर से दमोह की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक शनिवार तड़के सुबह करीब चार बजे बड़गांव के पास पहुंचा, उसी समय आगे चल रहे एक अन्य ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। अचानक ब्रेक लगने के कारण पीछे चल रहे सीमेंट लदे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक चालक को गंभीर चोटें आईं हैं। घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल घायल चालक को उपचार के लिए रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात सुचारू कराया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल घायल चालक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!