
महुली सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
सोनभद्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में दिनांक 15 फरवरी 2026 को 12 घंटे का अखंड पाठ श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ विधि-विधान पूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के 1 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष धार्मिक आयोजन भी किया गया। उल्लेखनीय है कि इस मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पिछले वर्ष ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल द्वारा कराई गई थी। 
इस पावन धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। पूरे दिन “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
अखंड पाठ के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर भगवान शिव के दर्शन-पूजन करते रहे तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने बताया कि अखंड पाठ के उपरांत भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर अयोध्या से पधारे विद्वान आचार्य तेजभान त्रिपाठी के सान्निध्य में रुद्राभिषेक सम्पन्न कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अखंड पाठ में उपस्थित श्रद्धालुओं को ग्राम प्रधान द्वारा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार आगामी पूजन कार्यक्रम में और अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर समिति एवं ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से यह भव्य धार्मिक आयोजन सम्पन्न हो रहा है, जिसने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता का भी जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया है।




