
तिनहवा बाजार में सनसनी: छत फांदकर ज्वेलरी शॉप में सेंध, लाखों के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ

हाटा, कुशीनगर। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के तुर्कडिहा-भलुही इलाके के तिनहवा बाजार में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर व्यापारियों की नींद उड़ा दी। तिनहवा बाजार स्थित आलोक ज्वेलर्स एंड लेन्स बर्तन स्टोर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लेकर फरार हो गए।

दुकान संचालक दुर्गेश पुत्र रामसमुझ, निवासी भलुही, के अनुसार रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह आसपास के दुकानदारों ने शटर और दरवाजे की स्थिति संदिग्ध देख सूचना दी। जब दुकान खोली गई तो अंदर का नजारा देख सभी के होश उड़ गए। सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारी व काउंटर टूटे मिले। बताया जा रहा है कि चोरों ने छत के रास्ते दुकान में प्रवेश किया और अंदर से दरवाजा तोड़कर आराम से वारदात को अंजाम दिया। सोने-चांदी के आभूषणों के साथ गल्ले में रखी नगदी भी गायब मिली। घटना की खबर फैलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में व्यापारी व ग्रामीण मौके पर जुट गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ित पक्ष चोरी गए सामान और नगदी का आंकलन कर रहा है, जिससे नुकसान लाखों में होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद व्यापारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द खुलासा कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। तिनहवा बाजार की इस बड़ी चोरी ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।





