A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशलखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी थाना हैदराबाद महिला पप्पी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत।

परिजनों ने थाना हैदराबाद में पड़ोसी युवक के नाम से दी नामजद तहरीर।

लखीमपुर खीरी मझिगवां थाना हैदराबाद

जिला संवाददाता प्रमोद कुमार गुप्ता

 

संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, परिजनों ने एक फौजी पड़ोसी पर लगाया हत्या का आरोप।

 

घर की दीवार फांदकर फांसी की रस्सी सहित फौजी युवक के भागने का आरोप, पूर्व विवाद भी आया सामने।

 

 

लखीमपुर (खीरी)।

लखीमपुर खीरी के थाना हैदराबाद क्षेत्र के ग्राम मझिगवां में मंगलवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने गांव के ही एक पड़ोसी फौजी युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी श्यामू पुत्र दुलीचंद निवासी ग्राम मझिगवां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 फरवरी 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे उनकी पत्नी पप्पी देवी (लगभग 35 वर्ष) घर पर अकेली थीं। इसी दौरान गांव का अरुण कुमार पुत्र जगतपाल कथित रूप से उनके घर पहुंचा।

परिजनों का आरोप है कि अरुण कुमार को उनकी बेटी रूपा देवी ने उस समय देख लिया जब वह पप्पी देवी को फांसी के फंदे से उतार रहा था। आरोप के मुताबिक, बेटी को देखते ही वह घबरा गया, रस्सी काटी और घर की दीवार फांदकर भाग निकला। इतना ही नहीं, वह रस्सी भी अपने साथ ले गया, जिससे घटना और संदिग्ध हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोने-बिलखने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

 

पूर्व विवाद भी आया सामने

 

श्यामू ने तहरीर में यह भी उल्लेख किया है कि घटना से करीब चार-पांच दिन पूर्व उनकी पत्नी पप्पी देवी का आरोपी की मां से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश के चलते हत्या कर शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की आशंका जताई गई है।

 

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले को लेकर थाना हैदराबाद के एसओ सुनील मलिक ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मृतका का पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं—आत्महत्या और हत्या—दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।

 

वहीं परिजनों की तहरीर के बाद आरोपी पक्ष में भी हलचल देखी जा रही है। आरोपी और उसके घर वाले फरार हैं ।गांव में इस घटना को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!