
सुरेन्द्र दुबे डिस्टिक हेड 9425179527
धार, 17 फरवरी 2026। प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण स्तरीय प्रशिक्षण मंगलवार को कलेक्टर सभागृह में आयोजित किया गया। जिसमें कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा जनगणना संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश दिये गये। साथ ही सभी जनगणना चार्ज अधिकारियों को जनगणना के डाटा संकलन का महत्व बताया गया। जिसमें शासन स्तर पर जो पूर्व डाटा संकलित किया गया है, वह त्रुटिपूर्ण होने से वास्तवितक स्थिति का आकलंन करने में योजना बनाने में ग्राम से लेकर विकास खण्ड, तहसील और जिला स्तर पर कठिनाई आती है।
प्रशिक्षण में भोपाल से आये प्रशिक्षक श्री सुरज बडगे एवं श्री हुकुमचंद परवते द्वारा जनगणना कार्यों की बारीकियों की जानकारी विस्तार से दी। प्रशिक्षण में बताया गया कि जिले में दो चरणों में जनगणना का कार्य होगा। पहला चरण 1 मई से 30 मई 2026 के मध्य किया जाएगा। जिसमें मकान का सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जायेगा। वहीं द्वितीय चरण का कार्य फरवरी 2027 में संपन्न होना है। इस बार जनगणना का कार्य डिजिटल रूप से मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़ों का संकलन कर किया जायेगा, जो भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी। इस बार नागरिकों को अपना जनगणना डेटा स्वयं ऑनलाईन भरने की सुविधा के लिये स्व गणना वेब पोर्टल विकसित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं के साथ-साथ अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी अधिकारियों को दी गई। साथ ही, जनगणना कार्य के दौरान संभावित समस्याओं और प्रश्नों पर प्रतिभागियों से चर्चा की गई। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों की समस्याओं का समाधान भी किया गया।
भारत की जनगणना, भारत के लोगों की विभिन्न विशेषताओं पर सांख्यिकीय जानकारी का सबसे बड़ा एकल स्रोत है। भारत की जनगणना को दुनिया के सबसे बड़े प्रशासनिक कार्यों में से एक माना जाता है। आगामी जनगणना वर्ष 2027 के दौरान की जाएगी जो वर्ष 1872 से 16 वीं एवं स्वतंत्रता के बाद की 8 वीं जनगणना होगी। पिछली जनगणना वर्ष 2011 में हुई थी। जनगणना 2027 में स्व.गणना पोर्टल, मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़ों का संकलन किया जायेगा। इसी क्रम में मकान सूचीकरण ब्लॉक क्रिएटर वेब पोर्टल के माध्यम से मकान सूचीकरण ब्लॉक का सृजन किया जायेगा। जनगणना प्रबंधन और निगरानी प्रणाली वेब पोर्टल के माध्यम से मैनेजमेंट एवं मॉनिटरिंग की जाएगी।
इस दौरान जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जनगणना लिपिक, नगर जनगणना अधिकारी, चार्ज अधिकार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



