

कैमूर जिला स्थापना दिवस: दो दिवसीय भव्य समारोह की तैयारियां पूरी, खेल और संस्कृति का दिखेगा संगम
कैमूर जिला प्रशासन आगामी 17 और 18 मार्च 2026 को जिला स्थापना दिवस को एक भव्य उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी कर रहा है। इस बार का स्थापना दिवस न केवल मनोरंजन, बल्कि स्वच्छता और स्थानीय गौरव को समर्पित होगा।
स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे जिले में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने सभी सरकारी भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और पंचायत भवनों की साफ-सफाई व रंग-रोगन के निर्देश दिए हैं।
अतिक्रमण मुक्ति: सड़कों और गलियों को अतिक्रमण मुक्त करने का कार्य सक्षम पदाधिकारियों द्वारा किया जाएगा।
स्मारकों का सम्मान: जिले के सभी प्रमुख चौराहों पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई और माल्यार्पण किया जाएगा। विशेष रूप से, सामाजिक कार्यकर्ताओं की मांग पर एकता चौक स्थित महात्मा गांधी स्मारक की मरम्मति का आदेश भी नगर परिषद को दिया गया है।
खेल और रोमांच: प्रशासन बनाम मीडिया
स्थापना दिवस की शुरुआत खेल भावना के साथ होगी। 17 मार्च को सुबह 8:00 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल महाविद्यालय के मैदान में ‘जिला प्रशासन बनाम मीडिया’ के बीच एक फैंसी क्रिकेट मैच खेला जाएगा। इस मैच के सफल आयोजन की जिम्मेदारी जिला खेल पदाधिकारी और स्थानीय खेल प्रेमियों को सौंपी गई है।
सांस्कृतिक संध्या: सुरों से सजेगा जगजीवन स्टेडियम
दोनों दिन शाम को जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी:
17 मार्च: स्थानीय कलाकारों द्वारा लोक गीत, लोक नृत्य और वाद्य-वादन की प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें ‘कवि सम्मेलन’ और आदिवासी कलाकारों का विशेष नृत्य आकर्षण का केंद्र होगा।
18 मार्च: बाहरी और ख्याति प्राप्त कलाकारों का जलवा रहेगा। इस शाम कथक नृत्य (प्रयागराज समूह), राधा श्रीवास्तव और इंडियन आइडल फेम पार्श्व गायिका अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगी।
‘वन ब्लॉक-वन प्रोडक्ट’ की लगेगी प्रदर्शनी
जिले की आर्थिक और सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने के लिए जिला पदाधिकारी ने “वन ब्लॉक वन प्रोडक्ट” की प्रदर्शनी लगाने का निर्णय लिया है। इसके तहत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने प्रखंड के विशिष्ट उत्पादों का चयन कर उनकी प्रदर्शनी लगाना सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस गौरवशाली अवसर पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाएं।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)










