
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में बाढ़ से निपटने जिला प्रशासन अलर्ट, कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी
सारंगढ़। मानसून के दौरान महानदी सहित अन्य जल स्रोतों में लगातार बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने जिले में बाढ़ आपदा राहत कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिला मुख्यालय में कंट्रोल रूम शुरू किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आम नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिला मुख्यालय स्थित बाढ़ आपदा राहत कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 07768-299016 जारी किया गया है। वहीं, डिप्टी कलेक्टर उमेश कुमार साहू को जिला बाढ़ आपदा राहत अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनसे मोबाइल नंबर 8305377283 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन ने जिले के सभी तहसील मुख्यालयों में भी स्थानीय स्तर पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं। संबंधित एसडीएम एवं तहसीलदारों को स्थानीय आपदा नियंत्रण अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि बाढ़, जलभराव, जनहानि, पशुहानि अथवा अन्य आपदा की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
प्रमुख संपर्क नंबर इस प्रकार हैं:
जिला बाढ़ आपदा राहत कंट्रोल रूम (जिला मुख्यालय): 07768-299016
जिला बाढ़ आपदा राहत अधिकारी (डिप्टी कलेक्टर उमेश कुमार साहू): 8305377283
इसके अलावा सारंगढ़, बिलाईगढ़, बरमकेला, सरिया, सरसींवा, भटगांव और उप-तहसील कोसीर सहित सभी तहसीलों में संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं, जिन पर स्थानीय नागरिक आपदा की स्थिति में तुरंत संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बाढ़, जलभराव, जनहानि, पशुहानि या किसी भी प्रकार की आपदा संबंधी सूचना तुरंत संबंधित कंट्रोल रूम अथवा अधिकारियों को दें। साथ ही, अफवाहों से बचें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें तथा नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से परहेज करें।
जिला प्रशासन का संदेश:
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। किसी भी आपदा की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।”











