

*हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, असम सहित कई राज्यों में मुकदमे दर्ज।
देहरादून। एटीएम कार्ड बदलकर (Fraud by changing ATM card) लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 04 शातिर अभियुक्तों को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 192 एटीएम कार्ड (ATM card), एक देसी तमंचा (pistal), व जिंदा कारतूस (live cartridge) मिले हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
दून पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीते कल विकासनगर पुलिस को हरबर्टपुर चौक के पास चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि चार संदिग्ध लोग एक स्विफ्ट कार और एक बाईक से विकासनगर क्षेत्र में आए हुए हैं, जो एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी (Fraud by changing ATM car) की घटनाओं को अंजाम देते हैं और यह लोग विकासनगर क्षेत्र में भी किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पोंटा रोड हर्बर्टपुर स्थित ढालीपुर पुल से पहले आम के बगीचे के पास चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट कार (swift car) UP14BX8591 जिसमें में चार लोग बैठे थे को रोककर चैक किया। तलाशी में उनके पास से एक देसी तमंचा, जिंदा कारतूस तथा अलग-अलग बैंकों के 192 एटीएम कार्ड बरामद हुए। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि इन सभी एटीएम कार्डो से अभियुक्तों ने अलग-अलग लोगो से ठगी की थी। पूछताछ में पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि अभियुक्तों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, असम, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यो में धोखाधड़ी के मामले दर्ज है।
पकड़े गए अभियुक्तों में जगमोहन पुत्र अजमेर, निवासी न्यू सरस्वती विहार, थाना सदर बाजार, सहारनपुर, नीटू पुत्र नरेश, निवासी बुढाखेड़ा, थाना चरथावल, मुजफ्फरनगर, सोनू पुत्र रमेश, निवासी पैरामाउंट के पास, जनपद सहारनपुर व आशु कुमार पुत्र श्यामलाल, निवासी गुलाबनगर, रुड़की के नाम शामिल है। सभी अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में धारा 313/318(4)/3(5) बीएनएस एवं धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।







