
*आरोपी स्वास्थ विभाग में फार्मेसिस्ट था।
देहरादून। सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर एक नर्सिंग असिस्टेंट से 32 लाख रुपए की धोखाधडी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी स्वास्थ विभाग में संविदा पर फार्मेसिस्ट के पद पर कार्यरत था। आरोपी पर नौकरी के नाम पर धोखाधडी व अन्य आपराधिक घटनाओं के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक बीती 17 अगस्त को निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के पद पर कार्यरत एक महिला ने थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर देते हुए बताया कि उसके एक परिचित चारू चन्द्र जोशी, जिनसे उसकी मुलाकात शादी डाट कॉम के माध्यम से हुई थी स्वंय को स्वास्थय विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताकर उससे शादी करने तथा उसकी स्वास्थय विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर उससे करीब 32 लाख रुपए की धोखाधडी कर ली है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी पूर्व में भी नौकरी के नाम पर इसी तरह की धोखाधडी कर चुका है जिसके चलते वह जेल भी जा चुका है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के सभी संभावित ठिकानों पर छापे मारे। इस बीच पुलिस को आरोपी के पिथौरागढ में छिपे होने की जानकारी मिली। जिस पर थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी चारू चन्द्र जोशी पुत्र उमेश चन्द्र जोशी (34 वर्ष) निवासी थाना बैजनाथ, बागेश्वर, हाल निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, हल्द्वानी को पिथौरागढ के एंचोली क्षेत्र से उस वक्त गिरफ्तार किया जब वह नेपाल भागने की फिराक में था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।







