

🚨🔥 शिवम राणा हत्याकांड में उबाल! दो दिन में गिरफ्तारी नहीं तो हाईवे जाम की चेतावनी, पंचायत में सैकड़ों लोगों का फूटा गुस्सा 🔥🚨
जनपद सहारनपुर के नागल क्षेत्र में आठ फरवरी को हुए चर्चित शिवम राणा हत्याकांड ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। बिहारीगढ़ स्थित शिवालिक फार्म में जमीनी विवाद के दौरान हुई फायरिंग में युवक शिवम राणा की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के 11 दिन बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से क्षेत्र में आक्रोश चरम पर पहुंच गया है।
गुरुवार को साधारणसिर गांव में आयोजित शोकसभा में सैकड़ों ग्रामीण, समाजसेवी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। शोकसभा के बाद वहीं पंचायत बुलाई गई, जिसमें पुलिस की कथित सुस्त कार्यशैली पर जमकर नाराजगी जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि बार-बार दो दिन का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक एक भी नामजद आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका।
पंचायत में मौजूद जिम्मेदार लोगों ने शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन साथ ही प्रशासन को साफ चेतावनी भी दी गई। एसपी देहात से फोन पर वार्ता करते हुए दो दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग रखी गई। पंचायत ने ऐलान किया कि यदि रविवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो सोमवार को हाईवे जाम किया जाएगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
गौरतलब है कि आठ फरवरी को जमीनी विवाद के चलते हुई फायरिंग में शिवम राणा को गोली लगी थी। उनके पिता प्रदीप राणा ने आरोपियों को नामजद करते हुए तहरीर दी थी, जिसके आधार पर बिहारीगढ़ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। बाद में मुख्य चार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया, लेकिन इसके बावजूद गिरफ्तारी न होना लोगों के गुस्से का मुख्य कारण बना हुआ है।
शोकसभा में स्थानीय पुलिस की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। पंचायत समाप्त होने के बाद पहुंचे थाना प्रभारी राजकुमार चौहान को लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती तो आज हालात ऐसे न होते।
पंचायत में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष नीरज चौहान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप राणा, कांग्रेस नेता सायन मसूद, भाकियू तोमर युवा विंग के जिलाध्यक्ष सौरभ त्यागी सहित कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
अब पूरे क्षेत्र की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। क्या दो दिनों में गिरफ्तारी होगी या नागल क्षेत्र हाईवे जाम की ओर बढ़ेगा? यदि चेतावनी अमल में आती है तो कानून-व्यवस्था की बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है।
मामला संवेदनशील है और जनभावनाएं तीव्र हैं। ऐसे में प्रशासन के लिए समय रहते ठोस कार्रवाई करना बेहद अहम माना जा रहा है।
संपादक – एलिक सिंह
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
ब्यूरो प्रमुख – हलचल इंडिया न्यूज़, सहारनपुर
📞 खबर, विज्ञापन और सूचना हेतु संपर्क: 8217554083









