
नर्तकी पर कोयते से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
जामखेड (दिनांक 18 फरवरी 2026): एक नर्तकी पर कोयते से जानलेवा हमला कर फरार हुए आरोपी को जामखेड पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद भूम (जि. धाराशिव) से गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी 2026 को पीड़ित नर्तकी ने जामखेड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी राहुल अशोक कचरे (रा. खळेगाव, ता. गेवराई, जि. बीड; वर्तमान निवासी मिलिंदनगर, जामखेड) ने “तुम मेरा फोन क्यों नहीं उठाती और मेरा नंबर क्यों ब्लॉक किया?” इस बात को लेकर गाली-गलौज की। इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने पीड़िता के दोनों हाथों तथा सिर पर कोयते से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में अपराध क्रमांक 65/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 352, 351(2) तथा शस्त्र अधिनियम 4/25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
14 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी भूम बसस्थानक क्षेत्र में आने वाला है। पुलिस टीम ने तुरंत वहां पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से तलाश शुरू की। रात करीब 9 बजे आरोपी एक पेड़ के नीचे संदिग्ध अवस्था में छिपा हुआ मिला, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घार्गे, अपर पुलिस अधीक्षक वैभव कलुबर्मे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रवीणचंद्र लोखंडे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक दशरथ चौधरी सहित टीम ने सफलतापूर्वक पूरी की।






