
नवागत डीआईजी सुश्री सिमाला प्रसाद ने संभाला निमाड़ रेंज का पदभार, खरगोन में कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश
खरगोन। निमाड़ रेंज की नवागत पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) सुश्री सिमाला प्रसाद ने निमाड़ रेंज के डीआईजी पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। खरगोन आगमन पर पुलिस अधीक्षक श्री रविन्द्र वर्मा ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत डीआईजी सुश्री सिमाला प्रसाद ने जिले की कानून-व्यवस्था एवं पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, नाबालिगों की दस्तयाबी, ट्रैफिक प्रबंधन, अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा गौवंश तस्करी पर सख्ती से कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को जनसुरक्षा सुनिश्चित करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के लिए सतर्क एवं सक्रिय रहकर कार्य करने के निर्देश दिए।
इस दौरान आगामी कार्ययोजना की भी समीक्षा की गई। साथ ही पुलिस मुख्यालय (PHQ) द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने, जनजागरूकता बढ़ाने एवं नशे के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।





