
रांची: झारखंड उच्च न्यायालय की अधिवक्ता सोनाली भट्टाचार्जी को सोशल प्रोटेक्शन एंड वेलफेयर काउंसिल (वूमेंस इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री – विक्की) का झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर शिक्षाविदों, समाजसेवियों और छात्र क्लब ग्रुप के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
छात्र क्लब ग्रुप की वरीय संरक्षक एवं मारवाड़ी कॉलेज, रांची की प्रोफेसर डॉ. आभा कुमारी तथा रांची विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की प्रोफेसर डॉ. रीता कुमारी ने संयुक्त रूप से बधाई देते हुए विश्वास जताया कि अधिवक्ता सोनाली भट्टाचार्जी महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, उद्योग, व्यापार तथा सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल देखने को मिलेगी।
छात्र क्लब ग्रुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव किशोर शर्मा ने कहा कि सोशल प्रोटेक्शन एंड वेलफेयर काउंसिल महिलाओं के कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर कार्य करने वाला एक राष्ट्रीय मंच है।
उन्होंने बताया कि संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनश्री गोगोई द्वारा अधिवक्ता सोनाली भट्टाचार्जी को झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाना राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. आभा कुमारी, डॉ. रीता कुमारी, कुमारी पुनम, पूजा बंका एवं शिव किशोर शर्मा सहित कई लोगों ने अधिवक्ता सोनाली भट्टाचार्जी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।





