
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * जिले के थाना रहली अंतर्गत ग्राम बरखेड़ा में पुलिस कंट्रोल रूम सागर एवं डायल-112 एफआरव्ही स्टाफ की तत्परता, संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बचाने में सफलता मिली। दिनांक 09 जुलाई 2026 को शाम लगभग 04:15 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना रहली क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा में एक 39 वर्षीय व्यक्ति आत्महत्या के उद्देश्य से फाँसी लगाने जा रहा है तथा तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस कंट्रोल रूम सागर द्वारा बिना विलंब किए थाना रहली क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही को मौके के लिए रवाना किया गया। घटनास्थल ग्रामीण क्षेत्र में होने एवं सटीक स्थान की जानकारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एफआरव्ही स्टाफ ने रास्ते में ही ग्राम चौकीदार से संपर्क किया तथा उसे साथ लेकर बताए गए स्थान पर शीघ्र पहुँचे। मौके पर पहुँचने पर ज्ञात हुआ कि अज्ञात कारणों से अवसादग्रस्त 39 वर्षीय व्यक्ति फाँसी लगा चुका था। ग्राम चौकीदार एवं ग्रामीणों की सहायता से उसे तत्काल फंदे से नीचे उतार लिया गया था, किंतु उसकी स्थिति गंभीर थी। डायल-112 एफआरव्ही में तैनात आरक्षक 1724 गजेंद्र सिंह एवं पायलट सोहन रैकवार ने बिना समय गंवाए घायल व्यक्ति को एफआरव्ही वाहन से तत्काल शासकीय अस्पताल रहली पहुँचाकर भर्ती कराया, जहाँ उसका उपचार जारी है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस कंट्रोल रूम सागर द्वारा सूचना का त्वरित संप्रेषण, डायल-112 एफआरव्ही स्टाफ की तत्परता, सूझबूझ एवं मानवीय संवेदनशीलता तथा ग्राम चौकीदार के सहयोग से समय रहते राहत पहुँचाई जा सकी, जिससे एक अमूल्य जीवन को बचाने का सफल प्रयास हुआ।




