
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा ✅ गढ़वा/मझिआंव: मझिआंव थाना पुलिस ने पशु क्रूरता एवं गोवंश संरक्षण अधिनियम से जुड़े एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मझिआंव थाना कांड संख्या-127/2025 (दिनांक 17 अक्टूबर 2025) में दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए अप्राथमिकी अभियुक्त फिरोज आलम (29 वर्ष), पिता स्वर्गीय हनीफ शाह, निवासी कधवन, थाना नगर उंटारी, जिला गढ़वा को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317 एवं 3(5), पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं तथा झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम, 2005 के तहत मामला दर्ज है।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय, गढ़वा में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है तथा अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा।




