
निवाड़ी। ओरछा में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर में चिह्नित चार पार्किंग स्थलों—बायपास रोड, सनराइज स्कूल के पास, नगर पालिका कार्यालय के सामने, कलेक्टर बंगले के नीचे तथा ओरछा पैलेस होटल के सामने—को शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने सड़क किनारे अतिक्रमण को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही ओरछा अंडरब्रिज के मरम्मत कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया।
कलेक्टर ने पीएम राहत योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों को पहले सात दिनों तक प्रति व्यक्ति 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। योजना के तहत गोल्डन ऑवर में उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया है।
बैठक में अंधे मोड़ों पर संकेतक बोर्ड लगाने, निर्माण स्थलों पर सीसीटीवी स्थापित करने, हेलमेट अनिवार्यता लागू करने तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त ओरछा नगर में स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट, पेंटिंग और मूर्ति स्थापना जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता देने को कहा गया।
बैठक में पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, आरटीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








