A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशमुरादाबाद

कांठ क्षेत्र में तेंदुओं का आतंक:- एक और किसान पर हमला कर तेंदुए ने किया गंभीर घायल

सूचना पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों और पुलिस ने की जांच, खेत में मिले तेंदुए के तीन शावक, लोगों में व्याप्त है तेंदुओं की दहशत, एक के बाद एक तेंदुए द्वारा किए जा रहे हमलों से डरे हैं कांठ क्षेत्र के लोग

IMG 20260428 0800228972
कांठ के रायपुर खुर्द गांव में तेंदुए के हमले में घायल किसान कपिल देव सिंह का इलाज करते स्वास्थ्य कर्मी।

 

कांठ (मुरादाबाद, यूपी)। कांठ तहसील क्षेत्र में तेंदुओं का आतंक दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। लगातार तेंदुए बच्चों सहित लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। मंगलवार को फिर से तेंदुए ने खेत में काम कर रहे एक किसान पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। किसान को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। तेंदुए द्वारा किसान पर हमला करने की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने भी जानकारी जुटाई है। वन अधिकारियों ने घटना स्थल का मौका मुआयना करते हुए तेंदुए को पकड़ने के लिए आश्वासन भी दिया है।

IMG 20260428 083916569 HDR2
किसान कपिल देव सिंह पर तेंदुए द्वारा हमला किए जाने के बाद मौके पर मौजूद रायपुर खुर्द के ग्रामीण।

मामला कांठ तहसील व थाना क्षेत्र के गांव रायपुर खुर्द का है। यहां के निवासी कपिल देव सिंह (40) पुत्र गनपत सिंह किसान हैं। मंगलवार की प्रात: करीब 07:00 बजे वह अपने खेत पर गन्ने की बुआई के लिए बीज काट रहे थे। जैसे ही कपिल देव सिंह खेत में अंदर गए तो वैसे ही यहां छिपकर बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर मचाने और चींखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास खेतों पर काम कर रहे किसान भी दौड़कर पहुंच गए। उन्होंने शोर मचाते हुए लाठी-डंडे फटकारे तो तेंदुआ अपने तीन शावकों को मौके पर ही छोड़कर भाग गया।

IMG 20260428 0903419632किसान पर तेंदुए के द्वारा हमले किए जाने के बाद मौके पर जांच पड़ताल करते वन विभाग के रेंजर और डिप्टी रेंजर। 
इधर तेंदुए की के हमले से गंभीर घायल हुए किसान कपिल देव सिंह को लहूलुहान हालत में उपचार के लिए उनके भाई अर्जुन सिंह व गांव के विकास कुमार, विशाल चौहान आदि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ लेकर आए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। किसान पर तेंदुए द्वारा हमला करने की सूचना वन विभाग औरे थाना पुलिस को दी गई तो वन क्षेत्राधिकारी ग्रीसचंद्र श्रीवास्तव, उप वन क्षेत्राधिकारी पुष्पेंद्र सिंह, क्षेत्रीय वन उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह आदि टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाते हुए तेंदुए की तलाश में खेतों में कॉम्बिंग भी की।
Screenshot 20260428 212353 Photos2
तेंदुए के हमले में घायल किसान कपिल देव सिंह का अस्पताल में उपचार करते डॉक्टर। 

इधर ग्रामीणों ने घटना को लेकर नाराजगी का इजहार करते हुए तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की। जिस पर वन अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है। बता दें कि लगातार तेंदुओं द्वारा किए जा रहे हमलों से कांठ तहसील क्षेत्र में दहशत का माहौल है। 50 से भी अधिक गांवों में तेंदुओं का खौफ व्याप्त है। जहां किसान खेतों पर जाने से कतरा रहे हैं तो वहीं महिलाएं और बच्चे भी अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

Screenshot 20260428 213254 Photos2
रायपुर खुर्द गांव के जंगल में मिले तेंदुए के तीन शावक।

— कुछ दिनों में ही तेंदुओं के हमले से घायल हो चुके हैं सात लोग

कांठ क्षेत्र में तेंदुओं का आतंक दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। तेंदुए 23 मार्च से 28 अप्रैल तक तेंदुए पांच बच्चों सहित सात लोगों को हमला कर गंभीर घायल कर चुके हैं। बता दें कि 23 मार्च को कांठ तहसील क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर विश्नोई के रहने वाले बाइक सवार किसान विजेंद्र सिंह, 30 मार्च को कांठ के गांव महदूद कलमी निवासी दो वर्षीय सिदरा, 31 मार्च की रात गांव मिश्रीपुर की आठ वर्षीय दीपांशी, 11 अप्रैल को गांव दरियापुर निवासी तीन साल के हर्ष, 16 अप्रैल की शाम गांव सलेमपुर के मझरा फजलाबाद निवासी पांच वर्षीय लव्यांश, 27 अप्रैल को राजीपुर खद्दर निवासी छह वर्षीय दीया और 28 अप्रैल को गांव रायपुर खुर्द निवासी किसान कपिल देव सिंह पर तेंदुए ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। लेकिन इसके बाद भी वन विभाग हमलावर तेंदुओं को पकड़ने में नाकामयाब साबित हो रहा है।

 

रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ। 

 

 

 

 

 

 

[yop_poll id="10"]
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!