राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड निस्तारण
सिद्धार्थनगर में 2.43 लाख से अधिक मामलों का निपटारा, 8.44 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली
सिद्धार्थनगर जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिद्धार्थनगर, श्री अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय की अध्यक्षता में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन सिविल कोर्ट सिद्धार्थनगर सहित बांसी, डुमरियागंज, इटवा ग्राम न्यायालय और जिला कारागार समेत विभिन्न न्यायालयों एवं बैंकों में किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ, जिसमें न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और बैंक अधिकारियों की उपस्थिति रही।
लोक अदालत के दौरान जनपद में कुल 2,43,564 मामलों का निस्तारण किया गया। साथ ही अर्थदंड और सेटलमेंट के रूप में 8,44,87,945 रुपये की वसूली एवं वितरण किया गया।
मोटर दुर्घटना प्रतिकर दावा अधिकरण द्वारा 47 मामलों में करीब 28.91 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई गई, जबकि परिवार न्यायालय ने 21 मामलों का निस्तारण कर 16.20 लाख रुपये की धनराशि दिलवाई।
इसके अलावा विभिन्न न्यायालयों, राजस्व, चकबंदी, पुलिस, बीएसएनएल और बैंकों द्वारा भी हजारों मामलों का निपटारा किया गया।
इस अवसर पर न्यायालय परिसर में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) के तहत काला नमक का भी प्रचार-प्रसार किया गया।











