सिद्धार्थनगर: 2026-27 कार्ययोजना पर बड़ी बैठक
बरसात से पहले सड़कों की मरम्मत के सख्त निर्देश
सिद्धार्थनगर में लोक निर्माण विभाग की वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक की अध्यक्षता सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल ने की। बैठक में कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, डुमरियागंज विधायक सैय्यदा खातून, एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी और जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान सांसद जगदम्बिका पाल ने लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना की समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बरसात से पहले सभी सड़कों की मरम्मत का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने प्रमुख जिला मार्ग, राज्य मार्ग और धर्मार्थ मार्गों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को भी कार्ययोजना में शामिल करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जनपद के ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर आवश्यक सुधार कार्य कराने और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए।
सांसद ने यह भी निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत सड़कों की सूची विधानसभावार जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए और हर तीन महीने में इस तरह की समीक्षा बैठक आयोजित की जाए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अब देखना होगा कि इन निर्देशों का ज़मीनी स्तर पर कितना असर दिखता है।











