लखीमपुर खीरी: यातायात नियमों की अनदेखी पड़ रही भारी, एक ही दिन में कटे 207 चालान

खीरी | 10 मई, 2026
जनपद खीरी में सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में आज जिले के प्रमुख चौराहों और टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
प्रमुख चौराहों पर कड़ी चौकसी
अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने एल.आर.पी. चौराहा, राजापुर चौराहा और संकटा देवी चौराहे पर विशेष जागरूकता और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान न केवल चालान किए गए, बल्कि चालकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
ड्रिंक एंड ड्राइव पर ‘डिजिटल’ नजर
नशे में गाड़ी चलाने वालों को पकड़ने के लिए फरधान, मैगलगंज और सिसैया टोल प्लाजा पर विशेष बैरियर लगाकर चेकिंग की गई। पुलिस ने साफ संदेश दिया कि सड़क पर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई के मुख्य आंकड़े:
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 07 वाहनों को सीज किया और 207 वाहनों का चालान काटा। कुल मिलाकर ₹2,75,500/- का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
उल्लंघन का विवरण:
- बिना हेलमेट: 150 चालक
- तीन सवारी (ट्रिपल राइडिंग): 16
- प्रेशर हॉर्न का प्रयोग: 18
- गलत दिशा (रॉन्ग साइड): 08
- नो पार्किंग उल्लंघन: 08
- बिना सीटबेल्ट: 04
- ड्राइविंग के दौरान मोबाइल प्रयोग: 03
पुलिस की अपील: “यातायात नियमों का पालन आपकी अपनी सुरक्षा के लिए है। हेलमेट और सीटबेल्ट का प्रयोग करें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं।”











