मध्यप्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली: कलेक्टर के निर्देश पर डीपीएम तथा डीएचओ ने किया उप स्वास्थ्य केन्द्रो का औचक निरीक्षण

FB IMG 1778595873190

 

कलेक्टर के निर्देश पर डीपीएम तथा डीएचओ ने किया उप स्वास्थ्य केन्द्रो का औचक निरीक्षण

अनुपस्थित मिलने पर सीएचओ उप स्वास्थ्य केन्द्र नौगई एवं परसौना का एक-एक दिवस का वेतन काटने का कलेक्टर ने दिया निर्देश।

उप स्वास्थ्य केन्द्र परसौना की एएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी।

सिंगरौली जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और सरकारी केंद्रों की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर के निर्देशन में आज स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान, अपने निर्धारित समय पर स्वास्थ्य केंद्र में अनुपस्थित पाए जाने पर दो सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक-एक दिवस की वेतन कटौती तथा एक एएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए हैं।

कलेक्टर श्री बैनल के निर्देश के परिपालन में डीपीएम एवं डीएचओ द्वारा बैढ़न ब्लॉक के उप स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उप स्वास्थ्य केंद्र नौगई में पदस्थ सीएचओ नगमा परवीन अनुपस्थित पाई गईं। वहीं, उप स्वास्थ्य केंद्र परसौना अपने निर्धारित समय पर बंद पाया गया, जो कि जनसेवा में गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने तत्काल उप स्वास्थ्य केंद्र नौगई की सीएचओ नगमा परवीन और परसौना की सीएचओ रीता शाह को  कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक दिन की वेतन कटौती करने के निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त, परसौना केंद्र की एएनएम लक्ष्मी सिंह को केंद्र खुलने के समय पर बंद होने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

कलेक्टर ने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहली कड़ी हैं। यहाँ ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधित सेवाएं जैसे गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण आदि मिलना अनिवार्य है। शिशु एवं बाल स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार नियोजन परामर्श के साथ-साथ प्रारंभिक स्क्रीनिंग, दवा वितरण, मरीजों का ओपीडी के माध्यम से उपचार करना और स्वास्थ्य डेटा का प्रबंधन करना एवं जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य योजनाओं का क्रियान्वयन करना सीएचओ एवं एएनएम का दायित्व है। कलेक्टर श्री बैनल ने सख्त लहजे में कहा है कि जिले के किसी भी स्वास्थ्य केंद्र में लापरवाही या ड्यूटी से अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति उदासीन पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध भविष्य में भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

[yop_poll id="10"]
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!