

धार जिले से गोपाल मारु 9993454360
धार। कानवन थाना क्षेत्र के ग्राम इंद्रावल में मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसे में दो सगी बहनों की सांप काटने से मौत हो गई। दोनों बहनें गर्मी के चलते घर की छत पर सो रही थीं। सुबह देर तक नहीं उठने पर परिजनों ने देखा तो दोनों अचेत अवस्था में मिलीं। इसके बाद उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल बदनावर लाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।मृतक बालिकाओं के नाम योगिता पिता महेश चौधरी उम्र 10 वर्ष एवं वैदिका पिता महेश चौधरी उम्र 7 वर्ष बताए गए हैं। योगिता कक्षा पांचवीं की छात्रा थी, जबकि वैदिका प्राथमिक कक्षा में अध्ययनरत थी।सूचना मिलने पर कानवन पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम करवाया तथा बाद में शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।मामले में तहसीलदार सुरेश नागर एवं ग्राम पंचायत सचिव से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि शासन की ओर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पीड़ित परिवार को दोनों मृत बालिकाओं के लिए चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।वहीं बुधवार दोपहर करीब 1 बजे दोनों बहनों का अंतिम संस्कार ग्राम इंद्रावल मुक्तिधाम में किया गया। एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त है।








