
जींद पुलिस की आमजन से अपील नहरों और गहरे जल स्रोतों से रहें सावधान
जींद : गर्मी के मौसम में नहरों, तालाबों और अन्य गहरे जल स्रोतों में नहाना जानलेवा साबित हो सकता है। तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का रूप ले सकती है। हर वर्ष कई लोग नहरों में डूबने जैसी दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं, इसलिए प्रशासन और पुलिस लगातार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि लोग नहरों में नहाने, स्टंट करने और सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने जैसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि युवाओं में रील और वीडियो बनाने का बढ़ता चलन कई बार गंभीर हादसों का कारण बन रहा है, इसलिए अपनी और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
एसपी ने अभिभावकों से भी विशेष आग्रह किया कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें नहरों, तालाबों तथा गहरे पानी वाले स्थानों पर जाने से रोकें। बच्चों और युवाओं की थोड़ी सी लापरवाही परिवारों के लिए बड़ा दुख बन सकती है।
जींद पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नहर किनारे शराब पीना, नशा करना, हुड़दंग मचाना या सार्वजनिक शांति भंग करना कानूनन अपराध है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें, सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।









