महराजगंज में मोबाइल टॉवर पर चढ़ीं दो युवतियां, मचा हड़कंप
महराजगंज के सरोजनी नगर वार्ड स्थित सूचना कार्यालय के समीप शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दो युवतियां मोबाइल टॉवर पर चढ़ गईं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं पुलिस और प्रशासन की टीम युवतियों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार टॉवर पर चढ़ी युवतियों में एक पंजाब निवासी सोनिया और दूसरी मनप्रीत बताई जा रही है, जो आर्केस्ट्रा में डांसर के रूप में कार्य करती हैं। बताया जा रहा है कि सोनिया का आर्केस्ट्रा संचालक के बेटे आमिर से प्रेम संबंध था। किसी विवाद के बाद सोनिया ने आमिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था।
सूत्रों के मुताबिक जेल से बाहर आने के बाद अब सोनिया आमिर से शादी कराने की मांग को लेकर अपनी सहेली मनप्रीत के साथ मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। सोनिया का कहना है कि जब तक उसकी शादी आमिर से नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगी।
वहीं दूसरी युवती मनप्रीत भी अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर टॉवर पर चढ़ी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उसका प्रेमी भी फिलहाल जेल में बंद है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस लगातार दोनों युवतियों को समझाने-बुझाने में लगी रही।
सिद्धार्थ ने बताया कि सुबह दो युवतियों के मोबाइल टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिली थी। पुलिस और प्रशासन की टीम दोनों को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।